सीधी : जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत पर बवाल, रिश्वत और लापरवाही के आरोप; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

सीधी : जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत पर बवाल, रिश्वत और लापरवाही के आरोप; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश


सीधी : जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत पर बवाल, रिश्वत और लापरवाही के आरोप; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश



सीधी। जिला अस्पताल में बुधवार को 28 वर्षीय प्रसूता की मौत के बाद जमकर हंगामा मच गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही तथा सिजेरियन ऑपरेशन के लिए ₹20 हजार रिश्वत मांगने के आरोप लगाए हैं। आक्रोशित परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया और अस्पताल परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

क्या है पूरा मामला


जानकारी के अनुसार, सोनाखाड़ गांव निवासी 28 वर्षीय दयावती जायसवाल को मंगलवार सुबह करीब 10 बजे प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतका के पति महेंद्र जायसवाल और सास रामकली जायसवाल का आरोप है कि इलाज कर रही डॉक्टर ने सिजेरियन ऑपरेशन के लिए ₹20 हजार की मांग की थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे राशि की व्यवस्था नहीं कर सके, जिससे समय पर ऑपरेशन नहीं किया गया।
परिजनों का कहना है कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें दयावती की मौत की सूचना दी। उनका आरोप है कि अस्पताल लाते समय महिला की हालत सामान्य थी और सुरक्षित प्रसव की उम्मीद थी, लेकिन उपचार में कथित लापरवाही के चलते उसकी मौत हो गई।

गलत इंजेक्शन लगाने का भी आरोप


परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला को गलत इंजेक्शन लगाया गया, जिससे उसके शरीर में संक्रमण फैल गया और उसकी जान चली गई। इन आरोपों के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश


सूचना मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परिजनों ने इलाज में लापरवाही, रिश्वत मांगने और गलत इंजेक्शन लगाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
कलेक्टर ने जांच के लिए एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को मौके पर तैनात किया है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ