सीधी-सिंगरौली सहित कई सड़क परियोजनाओं को लेकर सीधी सांसद ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात
रवि शुक्ला,सीधी/नई दिल्ली।
Sidhi sansad Rajesh mihsra nitin gadkari se ki mulakat
सीधी संसदीय क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और लंबित परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने संसद भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सांसद ने सीधी-सिंगरौली सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग करते हुए कहा कि यह मार्ग सीधी और सिंगरौली सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके पूर्ण होने से लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
इसके साथ ही सांसद ने बरगवां-कटनी मार्ग (वाया रजमिलान, सरई, मड़वास, मझौली, ब्यौहारी एवं विजयसोता) के लिए डीपीआर जल्द तैयार कराने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि यह प्रस्तावित मार्ग कई अहम क्षेत्रों को जोड़ेगा, जिससे सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
बैठक में सिंगरौली से प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य को भी तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। सांसद ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और विकास की जरूरतों को देखते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता देने की मांग रखी।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि सीधी संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क बेहद जरूरी है। सड़क सुविधाओं के विस्तार से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को सीधा लाभ मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ हुई इस मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए सांसद ने उम्मीद जताई कि इन सभी परियोजनाओं पर जल्द ठोस कार्रवाई होगी और आने वाले समय में सीधी-सिंगरौली सहित पूरे क्षेत्र को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी की सौगात मिलेगी।
Delhi news, latest news,braking news, dr.rajesh

0 टिप्पणियाँ