सीधी : पुलिस ने लूट की वारदात का किया खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; एक विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में

Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

सीधी : पुलिस ने लूट की वारदात का किया खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; एक विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में


सीधी : पुलिस ने लूट की वारदात का किया खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; एक विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में



सीधी। कोतवाली थाना क्षेत्र में 14 अगस्त की देर रात हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन, ₹4,600 नगद सहित घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

गांधी चौराहे के पास हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 की रात करीब 11:50 बजे ग्राम हिनौता निवासी फरियादी सीधी के गांधी चौराहे स्थित अपनी चाय की दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहा था। वह सिंगरौली रोड, फतेह सिंह मार्ग स्थित आदर्श कॉलोनी के सामने पहुंचा, तभी पीछे से अपाचे बाइक पर सवार तीन अज्ञात लोगों ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से फरियादी सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए जेब में रखे सामान की मांग की। विरोध करने पर एक आरोपी ने उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने सिर पर ईंट-पत्थर जैसी वस्तु से हमला कर घायल कर दिया। इसी दौरान तीसरे आरोपी ने उसकी जेब से करीब ₹15 हजार कीमत का सैमसंग मोबाइल फोन और ₹4,600 नगद जबरन निकाल लिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल फरियादी उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचा। उपचार के बाद उसने 16 अगस्त को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और लगातार पतासाजी करते हुए आरोपियों तक पहुंची।

पूछताछ एवं विवेचना के दौरान घटना में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने शिवम भुजवा और विकास गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

1. शिवम भुजवा, पिता संतलाल भुजवा, उम्र 21 वर्ष,
2. विकास गुप्ता, पिता नकछेदी लाल गुप्ता, उम्र 27 वर्ष
दोनों आरोपी नाग मंदिर, दक्षिण करौंदिया, थाना जमोड़ी, जिला सीधी के निवासी बताए गए हैं। मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

मोबाइल, नकदी और अपाचे बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फरियादी से लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन, ₹4,600 नगद सहित संपूर्ण लूटा गया मशरूका बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक MP 53 MF 1216 भी जब्त की गई है।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक विनोद त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक बलेंद्र एवं प्रधान आरक्षक आनंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग से आपराधिक घटनाओं के त्वरित खुलासे के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ