Sidhi news:आहार अनुदान योजना कागजों तक सीमित,जमीनी स्तर पर नहीं पहुंची योजना
Aahar anudan yojna
कुसमी
विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए लागू की गई आहार अनुदान योजना का लाभ जमीनी स्तर पर नहीं पहुंच पा रहा है। बैगा और सहरिया परिवारों की महिला मुखियाओं को प्रति माह ₹1500 देने के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा अक्टूबर 2023 में आदेश जारी किया गया था, लेकिन यह योजना अब तक कागजों में ही दबी हुई नजर आ रही है।
Aahar anudan yojna
बैगा समाज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरीशंकर बैगा ने इस मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया है कि शासन का आदेश जारी होने के बावजूद प्रशासन द्वारा इसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि कुसमी क्षेत्र सहित सीधी जिले में पंचायतों के माध्यम से महिलाओं के आवेदन फार्म भरवाए गए थे, लेकिन आज तक किसी भी हितग्राही को योजना का लाभ नहीं मिल सका।
Aahar anudan yojna
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस संबंध में कई बार मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया गया है। हाल ही में जिले में आए प्रदेश के राज्यपाल को भी ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
Aahar anudan yojna
प्रदेश उपाध्यक्ष के अनुसार, केवल सीधी जिले में ही 3452 पात्र बैगा महिलाएं इस योजना से वंचित हैं, जबकि पूरे प्रदेश में भी विशेष पिछड़ी जनजातियों की यही स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों में नाराजगी
ग्राम छलवारी की शांति बैगा, बकवा की रामबाई बैगा, ठाडीपाथर की बसंती बैगा और समितियां बैगा सहित कई महिलाओं ने बताया कि एक वर्ष पूर्व पंचायत के माध्यम से उनके फार्म जमा कराए गए थे, लेकिन अब तक अनुदान राशि नहीं मिली। महिलाओं का कहना है कि “पैसे क्यों नहीं आ रहे हैं और योजना कहां अटकी है, इसकी कोई जानकारी नहीं दी जा रही।”
Aahar anudan yojna
योजना पर उठ रहे सवाल
लगभग डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी योजना का क्रियान्वयन न होना शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। जरूरतमंद महिलाओं को राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना फिलहाल ‘हवा-हवाई’ साबित होती नजर आ रही है।
Aahar anudan yojna
कुसमी के जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कहा कि आदिवासी विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों से बैगा परिवार की महिला मुखियाओं की जानकारी मांगी गई थी, जो उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही आवेदन फार्म भी भरवाए गए हैं।उन्होंने बताया कि जिले में 3452 महिलाएं पात्र पाई गई हैं, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से कोई लक्ष्य (टारगेट) या स्पष्ट निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। जैसे ही ट्राइबल विभाग से दिशा-निर्देश मिलेंगे, तत्काल कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ