मझौली: रिवर्स लेते समय दर्दनाक हादसा: बस के नीचे आया कंडक्टर मौके पर मौत, चालक फरार
सीधी
सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करवाही में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक बस कंडक्टर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सीधी से मझौली होते हुए शहडोल जा रही “दीपक बस” को चालक रिवर्स कर रहा था।
मृतक की पहचान अजीत सिंह (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उसी बस में कंडक्टर के पद पर कार्यरत था।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी अनुसार करवाही गांव के पास मेडिकल कट पर एक यात्री को उतरना था, लेकिन बस तेज रफ्तार में होने के कारण करीब 300 मीटर आगे जाकर रुकी। इसके बाद चालक ने बस को मोड़ने के बजाय सीधे रिवर्स गियर डाल दिया।
कंडक्टर अजीत सिंह बस के पीछे चलकर ड्राइवर को रास्ता और साइड बता रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता, बस के पिछले पहिए उसके ऊपर से गुजर गए।
मौके पर ही मौत, मचा हड़कंप
हादसा इतना भयावह था कि अजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस में सवार लगभग 48 यात्रियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद बस चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

0 टिप्पणियाँ