Sidhi News: दहेज में बुलेट नहीं मिली तो नहीं आई बारात, थाने तक पहुँचा मामला
सीधी। जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुठिगवां खुर्द से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर दूल्हा पक्ष ने बारात लाने से ही इंकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मुठिगवां निवासी उमेश साकेत ने अपनी 27 वर्षीय बेटी का विवाह कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी राम अवतार के पुत्र के साथ तय किया था। 18 अप्रैल को तिलक की रस्म संपन्न हुई, जिसमें लड़की पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार स्कूटी व नगद राशि उपहार स्वरूप दी थी।
बताया जा रहा है कि विवाह की तिथि 21 अप्रैल तय थी और बारात के स्वागत के लिए लड़की पक्ष द्वारा पूरी तैयारी कर ली गई थी। लेकिन ऐन वक्त पर दूल्हा पक्ष ने बुलेट मोटरसाइकिल और अतिरिक्त नगदी की मांग रखते हुए बारात लाने से मना कर दिया।
बारात नहीं आने से सदमे में आए लड़की पक्ष के परिजनों ने काफी मान-मनौव्वल की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उन्होंने जमोड़ी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पक्ष ने कलेक्टर और एसपी से भी न्याय की गुहार लगाई।
थाने में दोनों पक्षों को बुलाकर समझाइश दी गई, जहां दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप लगे। हालांकि कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकलने पर तिलक में दिए गए उपहार और नगद राशि वापस कर दी गई। इसके बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से अपने-अपने घर लौट गए।
सामाजिक सवाल:
यह घटना एक बार फिर दहेज प्रथा की कुरीति को उजागर करती है, जहां आज भी विवाह जैसे पवित्र संबंध को लालच और लेन-देन से जोड़ा जा रहा है। प्रशासन और समाज दोनों के लिए यह गंभीर चिंतन का विषय है।

0 टिप्पणियाँ