तालाब में डूबने से 12 वर्षीय मासूम की मौत, पिता के सामने हुआ हादसा – गांव में छाया मातम
सीधी/मड़वास।
जिले के मड़वास थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां तालाब में नहाने गए एक नाबालिग बच्चे की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बकवा के कपरोला गांव में आज दोपहर लगभग 12 बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि 12 वर्षीय नीरज कुशवाहा, पिता राजेश कुशवाहा, अपने गांव के अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहाने गया था। गर्मी और बिजली कटौती के चलते गांव के चार बच्चे तालाब में नहाने पहुंचे थे।
इसी दौरान नीरज के पिता तालाब किनारे खड़ी अपनी बाइक धो रहे थे। नहाते समय अचानक नीरज गहरे पानी वाली खाई में चला गया। जब तक अन्य बच्चे और पिता कुछ समझ पाते, वह पानी में डूब चुका था।
पिता ने बेटे को बचाने के लिए तुरंत तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को ढूंढने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी देर बाद जब उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर मड़वास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रशासन और ग्रामीणों से अपील:
गर्मी के मौसम में तालाब और नदी में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें, खासकर बच्चों को अकेले या बिना निगरानी के गहरे पानी में न जाने दें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

0 टिप्पणियाँ