सीधी: तेज आंधी में आम का पेड़ गिरा, बोलेरो और बाइक क्षतिग्रस्त,मासूम समेत तीन......
सीधी जिले में शुक्रवार सुबह अचानक बदले मौसम ने अफरा-तफरी मचा दी। सुबह से ही तेज आंधी और बारिश का दौर जारी था। इसी बीच लगभग 9:30 बजे अमिलिया थाना क्षेत्र के कोदौरा बाजार, सजवानी बहरी हनुमान रोड के किनारे खड़ी एक बोलेरो और बाइक पर अचानक आम का बड़ा पेड़ गिर गया।
घटना के समय बोलेरो वाहन में तीन लोग सवार थे, जिनमें 27 वर्षीय चंद्रप्रताप पिता राजकरण निवासी ढोल थाना बहरी, 52 वर्षीय रामधनी सिंह निवासी ग्राम सरदमन थाना अमिलिया और 12 वर्षीय उमेश सिंह शामिल थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग दवाई कराने के लिए आए थे। हादसे के वक्त मासूम उमेश सिंह वाहन के अंदर ही मौजूद था।
पेड़ गिरने से बोलेरो और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में सभी सवार बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए मार्ग भी बाधित रहा।
गौरतलब है कि जिले में अचानक बदले मौसम के चलते तेज आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन द्वारा लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ