मझौली में सहायक उपकरण वितरण शिविर: भीषण गर्मी से परेशान हितग्राही, सीईओ की फटकार के बाद सुधरी व्यवस्था
रवि शुक्ला,सीधी।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, भारत सरकार के अंतर्गत सीधी जिले में 11 मई से 15 मई 2026 तक राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडीप योजना के तहत निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल में एलिम्को (ALIMCO) के सहयोग से चयनित हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसी क्रम में मझौली जनपद पंचायत के प्रज्ञा भवन में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष सुनैना सिंह ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक एवं आमजन शामिल हुए.कार्यक्रम के दौरान 51 पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया गया था, जिनमें से 43 लोगों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए.उपकरण प्राप्त कर हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास झलकता नजर आया.मुख्य अतिथि विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देना सरकार की प्राथमिकता है.
उन्होंने आगे कहा कि सहायक उपकरण केवल सुविधा ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और स्वावलंबन का आधार हैं, जो जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। उन्होंने हितग्राहियों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ने और समाज में प्रेरणा बनने का आह्वान किया,कार्यक्रम के दौरान सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देते हुए उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
भीषण गर्मी में परेशान हुए हितग्राही
कार्यक्रम के दौरान कई हितग्राही घंटों तक भीषण गर्मी में टेंट के नीचे बिना कूलर-पंखे के बैठे रहे, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नवागत सीईओ सुरभि श्रीवास्तव के पहुंचने के बाद व्यवस्था में सुधार करते हुए हितग्राहियों को प्रज्ञा भवन के अंदर बैठाया गया। हालांकि प्रज्ञा भवन में भी लगे पंखे के अलावा एक विना पानी का कुलर चल रहा था, जहां गर्मी की वजह से बुजुर्ग महिला परेशान हो रहीं थी, भले ही शिविर के नाम पर जनपद के जिम्मेदार मनमानी राशि का आहरण कर ले, लेकिन व्यवस्था नाम मात्र की थी.
इस अवसर पर आनंद सिंह शेरगांव, संतोष तिवारी, जनपद सदस्य सुनील सिंह, एडिशनल सीईओ धनंजय मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरभि श्रीवास्तव, सामाजिक न्याय विभाग से नम्रता मिश्रा एवं आजीविका मिशन प्रबंधक चंद्रकांत सिंह बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ