जेल से लौटा आरोपी बना हत्यारा, महिला की दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या, पोंडी गांव में बवाल,ग्रामीण और परिजन किए चक्काजाम
सीधी/सेमरिया
मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सेमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पोंडी में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे 55 वर्षीय महिला राजवंती जायसवाल की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजवंती जायसवाल दवाई कराने के लिए घर से निकली थीं, तभी गांव के ही आरोपी रामसजीवन विश्वकर्मा उर्फ कदे ने अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने डंडे से उनके सिर और गले पर ताबड़तोड़ वार किए। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान आरोपी की पत्नी सुशीला विश्वकर्मा ने राजवंती को पकड़ रखा था, जिससे वह खुद को बचा नहीं सकीं। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के बेटे अशोक जायसवाल ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उसकी मां और आरोपी की पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया। अशोक ने आरोप लगाया कि सुशीला ने अपने पति को उकसाकर इस घटना को अंजाम दिलाया।
घटना की सूचना मिलते ही सेमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रामसजीवन विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी पत्नी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
दोपहर करीब 2 बजे गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सीधी-हनुमानगढ़ मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी महिला आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी रामसजीवन विश्वकर्मा पहले भी अपने ही भाई की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और करीब सात साल की सजा काटने के बाद एक महीने पहले ही गांव लौटा था। जेल से लौटने के कुछ ही समय बाद उसने फिर से हत्या की वारदात को अंजाम देकर इलाके को दहला दिया।
बताया गया मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।

0 टिप्पणियाँ