सीधी:सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट व अनर्गल बातें लिखकर अवैध पैसों की मांग करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार
सीधी
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री अमन मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में, कोतवाली पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को प्रताड़ित और ब्लैकमेल करने वाले अपराधियों के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फोटो-वीडियो पोस्ट कर अनर्गल बातें लिखने और अवैध रूप से पैसों की मांग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:
थाना कोतवाली में आवेदक/फरियादी द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी कि एक व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम/थ्रेड्स पर फरियादी की फोटो और वीडियो पोस्ट कर आपत्तिजनक व अशोभनीय टिप्पणियां की जा रही हैं। आरोपी द्वारा फरियादी की सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने की धमकी देकर लगातार अवैध पैसों की मांग (Extortion) की जा रही थी। फरियादी की रिपोर्ट पर तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली में धारा 296(1), 351(3), 308(8) BNS एवं 67 आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी:- मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल की मदद और आईपी एड्रेस की जांच कर आरोपी को चिन्हित किया गया।
पुलिस टीम की त्वरित कार्यवाही:
पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी रवि केवट पिता विजय केवट, उम्र 25 वर्ष, निवासी डैनिहा, थाना कोतवाली सीधी को घेराबंदी कर हिरासत में लिया जाकर आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसमें उक्त आपत्तिजनक पोस्ट और चैट के साक्ष्य पाए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी:
रवि पिता विजय केवट उम्र 25 वर्ष निवासी डैनिहा, थाना कोतवाली, सीधी (मप्र)
सराहनीय भूमिका: उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली, साइबर सेल टीम और थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

0 टिप्पणियाँ