Sidhi News: दर्दनाक अग्निकांड में तीन मासूम बच्चों की मौत, CM मोहन यादव ने जताया गहरा शोक
सीधी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तहसील गोपद बनास अंतर्गत ग्राम कसिहवा, ग्राम पंचायत बघवारी में हुए दर्दनाक अग्निकांड पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। मुख्यमंत्री ने इस हृदयविदारक घटना में मृत तीनों बच्चों के परिजनों को प्रति मृतक 6 लाख 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की है।
घोषित सहायता राशि में 2-2 लाख रुपये मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से, 4-4 लाख रुपये ऊर्जा विभाग से, 20-20 हजार रुपये जिला रेडक्रॉस सोसायटी सीधी से तथा 5-5 हजार रुपये अंत्येष्टि सहायता राशि के रूप में प्रदान किए जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज प्रातः लगभग 11.20 बजे श्री रामरतन साकेत के घर के समीप स्थित बिजली के पोल में शॉर्ट-सर्किट होने से आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस दुखद हादसे में उनकी दो पुत्रियां घुम्मु उर्फ संध्या साकेत (6 वर्ष), रिद्धि साकेत (1 वर्ष 6 माह) तथा पुत्र नागेंद्र साकेत (3 वर्ष) की दर्दनाक मृत्यु हो गई।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने की कार्यवाही की जा रही है।
यह है पूरी घटना:-
माता-पिता के बाहर रहने के दौरान हुआ हादसा
मध्यप्रदेश के सीधी जिले में आज एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां घर में लगी भीषण आग में तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में शोक का माहौल छा गया।
घटना जमोड़ी थाना क्षेत्र के पडखुरी काशिहवा गांव की है। जानकारी के अनुसार, सुबह पिता राम रतन साकेत मजदूरी के लिए घर से बाहर गए थे, वहीं मां शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर राशन लेने गई हुई थी. इस दौरान तीनों बच्चे घर के अंदर मौजूद थे, जिन्हें बाहर से दरवाजा बंद कर दिया गया था.
करीब सुबह 10 से 11 बजे के बीच अज्ञात कारणों से घर में अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें दूर तक फैलने लगीं.पड़ोसियों ने आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन जब तक दमकल मौके पर पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. तीनों मासूम बच्चे आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए.
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर, तहसीलदार सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. प्रशासन ने हालात का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है.
कलेक्टर विकास मिश्रा ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है. वहीं पुलिस यह जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी या किसी अन्य वजह से.
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

0 टिप्पणियाँ