राष्ट्रवाद, संगठन विस्तार और जनसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया 23वां स्थापना दिवस

Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

राष्ट्रवाद, संगठन विस्तार और जनसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया 23वां स्थापना दिवस


राष्ट्रवाद, संगठन विस्तार और जनसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया 23वां स्थापना दिवस


भोपाल
मध्यप्रदेश के धार जिले में रविवार को नरेंद्र मोदी विचार मंच का 23वां स्थापना दिवस समारोह उत्साह, राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन एक निजी गार्डन में किया गया,  जिसमें मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि चाणक्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार सांखला, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार चौहान, प्रदेश प्रभारी महेश चंद्र माहेश्वरी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजा भाऊ भदाने तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ममता जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष मुकेश निगम ने किया तथा आभार प्रदर्शन युवा मोर्चा विधानसभा अध्यक्ष देवांग पंवार (मोंटू भाई) ने किया।

भोजशाला में पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
नरेंद्र मोदी विचार मंच के सह प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित श्रीवास्तव ने बताया की स्थापना दिवस समारोह से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि चाणक्य सहित मंच के पदाधिकारियों ने ऐतिहासिक भोजशाला पहुंचकर मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना एवं आरती की। इस दौरान प्रदेश और राष्ट्र की सुख-समृद्धि, संगठन की उन्नति तथा जनकल्याण की कामना की गई। भोजशाला के प्रमुख गोपाल शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को भोजशाला के इतिहास और महत्व की जानकारी दी।

राष्ट्रहित सर्वोपरि है: रवि चाणक्य

अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि चाणक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा, संघर्ष, परिश्रम और समर्पण का प्रतीक है। उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। रवि चाणक्य ने कहा कि 22 जून 2004 को स्थापित नरेंद्र मोदी विचार मंच आज राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

संगठन विस्तार पर दिया जोर

प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार सांखला ने कहा कि नरेंद्र मोदी विचार मंच राष्ट्रवादी विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाला सशक्त संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार अभियान को और अधिक गति देने की अपील की। युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार चौहान ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रदेश प्रभारी महेश चंद्र माहेश्वरी ने संगठन की आगामी योजनाओं और विस्तार कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ भाजपा नेताओं का सम्मान

कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि चाणक्य, प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार सांखला एवं अन्य पदाधिकारियों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री विक्रम वर्मा तथा धार विधायक नीना वर्मा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया तथा संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। समारोह में मंच के राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ