जिला पंचायत सदस्य ने मलेरिया जन-जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र के गांव-गांव पहुंचकर मलेरिया से बचाव का संदेश देगी प्रचार वाहन
मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित विशेष अभियान के तहत कुसमी सामुदायिक केन्द्र कुसमी में जिला पंचायत सदस्य हीरा बाई सिंह ने मलेरिया जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर कुसमी मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा, स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ डां.विकट विकट सिहं डां.दीपक सिंह जिला मलेरिया अधिकारी हरिओम सिंह,बीसीएम देवेन्द्र सिंह सरला पटेल शारदा तिवारी भीवीडी टेक्निकल सुभाष सोनी शिवप्रताप सिहं सहित अन्य कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य हीरा बाई सिंह ने कहा कि मलेरिया एक जानलेवा बीमारी है, लेकिन समय रहते सावधानी और जागरूकता अपनाकर इससे बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करें।
स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ डां.विकट सिंह ने बताया कि क्षेत्र में संचालित यह मलेरिया जागरूकता रथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भ्रमण कर लोगों को मलेरिया के लक्षण,बचाव के उपाय तथा समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से पंपलेट वितरण, ऑडियो संदेशों का प्रसारण एवं जनसंवाद के जरिए ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
जिला मलेरिया अधिकारी हरिओम सिंह ने बताया कि बरसात के मौसम में मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को मच्छरदानी का उपयोग करने, घरों के आसपास पानी जमा न होने देने तथा बुखार आने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी जा रही है।
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर सर्वे कार्य भी करेगी और संदिग्ध मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराएगी। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों और आम जनता के सहयोग से मलेरिया मुक्त गांव बनाने के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मलेरिया उन्मूलन एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और मलेरिया के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

0 टिप्पणियाँ