मड़वास में भव्य तिरंगा यात्रा, मझौली में अव्यवस्थाओं के बीच निकली यात्रा,चुनिंदा हाथों में ही दिखा तिरंगा

Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

मड़वास में भव्य तिरंगा यात्रा, मझौली में अव्यवस्थाओं के बीच निकली यात्रा,चुनिंदा हाथों में ही दिखा तिरंगा


मड़वास में भव्य तिरंगा यात्रा, मझौली में अव्यवस्थाओं के बीच निकली यात्रा,चुनिंदा हाथों में ही दिखा तिरंगा


रवि शुक्ला,मझौली

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मझौली उपखण्ड के मड़वास और मझौली में तिरंगा यात्रा निकाली गई, लेकिन दोनों स्थानों की तस्वीरें एक-दूसरे से बिल्कुल अलग नजर आईं। जहां मड़वास में राष्ट्रभक्ति का उत्साह चरम पर रहा और हर हाथ में तिरंगा लहराता दिखा, वहीं मझौली में अव्यवस्थाओं के बीच बिना झंडों के ही यात्रा निकाल दी गई, जिससे व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। तिरंगा यात्रा का कार्यक्रम मझौली जनपद के तत्वाधान में आयोजित किया गया था।

मड़वास में शानदार आयोजन, हर हाथ में तिरंगा

मड़वास में क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह टेकाम की अगुवाई और मंडल अध्यक्ष के.के. मिश्रा के नेतृत्व में बैरीहा तिराहा से तिरंगा यात्रा प्रारंभ होकर थाना परिसर में समाप्त हुई। यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। खास बात यह रही कि लगभग हर व्यक्ति के हाथ में तिरंगा झंडा दिखाई दिया। थाना प्रभारी अतर सिंह कुशवाह ने पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी थी। इस भव्य आयोजन की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

मझौली में अव्यवस्था, कीचड़ भरी सड़कों पर निकली यात्रा

इसके विपरीत मझौली में तिरंगा यात्रा अव्यवस्थाओं के बीच निकाली गई। न्यू बस स्टैंड से शुरू होकर थाना परिसर में समाप्त हुई इस यात्रा में कीचड़ और कचरे से भरी सड़कों के बीच बच्चों और प्रतिभागियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे और समूह की महिलाएं शामिल तो हुईं, लेकिन अधिकांश के हाथों में तिरंगा झंडा नहीं था। कई अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि भी बिना झंडे के ही यात्रा में शामिल नजर आए।

बच्चों की हुई फजीहत, व्यवस्था पर उठे सवाल

अव्यवस्थित आयोजन के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। हालांकि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी से कोई घटना नहीं हुई, लेकिन पूरे कार्यक्रम में अव्यवस्था का माहौल बना रहा। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

कॉलेज की लापरवाही बनी चर्चा का विषय

तिरंगा यात्रा में मझौली के शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय की लापरवाही भी सामने आई। यात्रा समाप्त होने के बाद प्राचार्य गीता भारती कुछ छात्रों और स्टाफ के साथ थाना परिसर पहुंचीं, जबकि तब तक अधिकांश लोग जा चुके थे। इस घटना की पूरे क्षेत्र में आलोचना हो रही है।

चर्चा में रहा विरोधाभास

एक ही उपखण्ड में आयोजित दो तिरंगा यात्राओं की तस्वीरों में बड़ा अंतर देखने को मिला। मड़वास में जहां अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिखा, वहीं मझौली में अव्यवस्था और लापरवाही चर्चा का विषय बन गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ