Ladli behna yojna: रक्षाबंधन से पहले लाड़ली बहनों को बड़ा तोहफा: खातों में पहुंचे ₹1750, 2031 तक मिलेगा लाभ
सीधी/भोपाल
रक्षाबंधन से पहले मध्यप्रदेश की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर जिले में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। इस दौरान प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में कुल ₹2,148 करोड़ की राशि अंतरित की गई, जिसमें मासिक सहायता के साथ ₹250 का रक्षाबंधन शगुन भी शामिल है।
सीधी जिले में इस योजना के तहत 2 लाख 08 हजार 369 पात्र महिलाओं के खातों में प्रति महिला ₹1,500 की मासिक सहायता राशि और ₹250 अतिरिक्त शगुन, कुल ₹1,750 की राशि भेजी गई। इससे जिले की महिलाओं के खातों में कुल ₹36 करोड़ 19 लाख से अधिक की राशि पहुंची है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रवेश मिश्रा के अनुसार जिले के सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत कुसमी की 17,290, मझौली की 29,024, रामपुर नैकिन की 43,764, सीधी की 54,275 तथा सिहावल की 51,285 महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की गई। वहीं नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका सीधी की 6,105, नगर परिषद चुरहट की 2,404, मझौली की 2,089 तथा रामपुर नैकिन की 2,133 महिलाओं को भी लाभ मिला है।
प्रदेश स्तर पर 39वीं किस्त के रूप में लगभग ₹1,835.46 करोड़ और रक्षाबंधन शगुन के रूप में ₹312.83 करोड़ की अतिरिक्त राशि जारी की गई। जून 2023 से अगस्त 2026 तक अब तक योजना के तहत ₹63,248 करोड़ से अधिक की राशि महिलाओं को प्रदान की जा चुकी है। वर्तमान में प्रदेश की करीब 1.27 करोड़ महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं।
Ladli behna yojna
राज्य सरकार ने इस योजना को वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने का निर्णय लिया है, जिसके लिए लगभग ₹1.14 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना और परिवार में उनकी भूमिका को मजबूत करना है।
मैहर में विकास कार्यों की सौगात
मैहर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करीब ₹256 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इसके साथ ही मां शारदा लोक परियोजना के पहले चरण की शुरुआत होगी, जिसकी अनुमानित लागत लगभग ₹775 करोड़ है।

0 टिप्पणियाँ