बच्चा चोरी मामले पर सीधी पुलिस ने बताई सच्चाई, पुलिस ने कहा अफवाहों पर न दें ध्यान
सीधी
आज दिनांक 09/03/26 को सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से ग्राम बढौरा, नेशनल हाईवे (NH-39) पर 'कंटेनर द्वारा बच्चों के अपहरण' के संबंध में प्रसारित हो रही खबरें पूर्णतः निराधार, असत्य और भ्रामक हैं।
पुलिस जांच में स्पष्ट हुए वास्तविक तथ्य:
दोपहर करीब 01:00 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने एक कंटेनर को रोका है। मौके पर पहुँचे पुलिस बल ने जन-आक्रोश को देखते हुए कंटेनर (क्र. UP 78 JN 5957) और उसमें सवार दो व्यक्तियों (हरपाल सिंह एवं रविन्दर सिंह, निवासी जम्मू) को सुरक्षात्मक दृष्टि से थाने लाया।
सघन तलाशी:
पुलिस द्वारा उक्त कंटेनर की पूरी तरह से तलाशी ली गई। वाहन में ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर (जैविक खाद) के 368 डिब्बे लोड पाए गए, जो पठानकोट (पंजाब) से रांची (झारखंड) ले जाए जा रहे थे। वाहन में कोई भी बच्चा नहीं पाया गया।
पैसे देने का वास्तविक कारण:
पूछताछ में चालक हरपाल सिंह ने बताया कि उसकी पुत्री तनमीत कौर का जन्मदिन 07/03/26 को था। इसी खुशी में उसने स्कूल से लौट रहे 10-12 स्कूली बच्चों को टॉफी खाने के लिए 100 रुपये देने का प्रयास किया था। बच्चों के पैसे न लेने और वहां से चले जाने के कारण स्थानीय लोगों में गलतफहमी पैदा हुई और भीड़ एकत्रित हो गई।
तथ्यों की पुष्टि:
पुलिस द्वारा चालक के परिजनों से संपर्क किया गया, जिन्होंने बच्ची का जन्मदिन होने की पुष्टि की है। साथ ही वाहन स्वामी ने भी तस्दीक की है कि उनके ट्रक नियमित रूप से इसी मार्ग से खाद लेकर झारखंड जाते हैं।
आम जन से अपील:
अफवाहों से बचें: 'बच्चा चोरी' जैसी कोई भी घटना घटित नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर चल रहे भ्रामक वीडियो और संदेशों पर विश्वास न करें।
कानून हाथ में न लें:
किसी भी संदेही व्यक्ति के दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, स्वयं कानून हाथ में लेकर मारपीट या धक्का-मुक्की न करें। सजग रहें सचेत रहें।

0 टिप्पणियाँ